बरेली। ट्रांसफार्मर में फॉल्ट के कारण 18 घंटे तक सिटी बस डिपो की बिजली गुल रही। इस दौरान ई-बसों का संचालन भी थम गया। शहर के अलावा शीशगढ़, शेरगढ़, फरीदपुर, फतेहगंज पश्चिमी, आंवला रूट पर ई-बसों का संचालन न होने से यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार को दोपहर बाद संचालन बहाल जरूर हो गया मगर सभी 24 बसें डिपो से नहीं निकल सकीं।
स्वालेनगर स्थित सिटी बस डिपो परिसर में ही 25 बसों का चार्जिंग स्टेशन है। मंगलवार सुबह आठ बजे बसें विभिन्न रूट पर निकलने की तैयारी कर रही थीं। इससे पहले डिपो परिसर में लगे ट्रांसफार्मर पर एक बंदर कूद गया। फॉल्ट होने से आपूर्ति ठप हो गई। इससे ई-बसों की चार्जिंग भी रुक गई।
रात में जो बसें चार्ज हुई थीं उनको रूट पर एक-दो चक्कर के बाद डिपो में खड़ा करा लिया गया। बस डिपो के भीतर फॉल्ट होने के कारण इसका विद्युत निगम से भी कुछ लेना-देना नहीं था। फॉल्ट को सिटी बस सर्विसेज लिमिटेड की तकनीकी विंग को ही दुरुस्त करना था। प्रबंधन की ओर से फॉल्ट के संबंध में मुख्यालय को अवगत करा दिया गया। इसके बाद मंगलवार देर शाम तकनीकी टीम पहुंचीं।
कड़ी मशक्कत के बाद मंगलवार रात दो बजे के बाद फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति सुचारु कर दी। इसके बाद बसों की चार्जिंग शुरू हो सकी। सभी बसें पूरी तरह से चार्ज न होने के कारण बुधवार को भी रूट पर नहीं जा सकीं। दोपहर तक दो बसें ही रूट पर निकलीं। बसों का संचालन ठप होने के कारण सिटी बस सेवा को करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
सीबीगंज के मथुरापुर में उर्स-ए-ताजुश्शरिया के कारण हुए रूट डायवर्जन का असर सिटी बस सेवा पर भी पड़ा है। बरेली से शीशगढ़, शेरगढ़ और फतेहगंज पश्चिमी जाने-आने वाली बसों को बुधवार को सीबीगंज के स्थान पर मिनी बाइपास-बिलवा-झुमका तिराहा होते हुए संचालित किया गया। बृहस्पतिवार को भी बसों का संचालन इसी रूट से किया जाएगा।