बरेली। ट्रेडिंग में निवेश कराने का झांसा देकर बीटेक की छात्रा से साइबर ठगों ने 60 हजार रुपये की ठगी कर ली। छात्रा ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बारादरी के सिटी हार्ट एन्क्लेव निवासी बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा को अनजान शख्स ने मेसेज किया। उसे ट्रेडिंग में निवेश करने और दोगुना मुनाफा कमाने का झांसा दिया। छात्रा ने झांसे में आकर करीब 60 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। अज्ञात शख्स ने और रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा तो छात्रा को ठगी का अहसास हो गया। छात्रा ने और रुपये ट्रांसफर करने से मना कर दिया। बारादरी पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल के जरिये संबंधित खातों की डिटेल खंगाल रही है।
उधर, कटरा चांद खां निवासी विजय ने ऑनलाइन लोन के लिए आवेदन किया था। लोन के 18 हजार रुपये खाते में आ गए लेकिन अगले दिन यह रुपये उनके खाते से कट गए। बैंक में पूछा तो प्रबंधन ने जानकारी होने से इन्कार कर दिया। लोन वसूली के लिए फोन कर विजय को धमकाया जा रहा है। उन्होंने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ऑनलाइन नौकरी देने का झांसा देकर ठगी
बरेली। ऑनलाइन नौकरी देने का झांसा देकर युवक से 42 हजार रुपये ठग लिए। शास्त्रीनगर निवासी सनी प्रमेंद्र के पास अनजान नंबर से किसी लड़की ने कॉल की। लड़की ने अपना नाम कनिका बताते हुए उन्हें पार्ट टाइम नौकरी का झांसा दिया। टेलीग्राम के एक चैनल पर विशाल और निकिता से संपर्क कराया। दोनों ने एक लिंक देकर रिव्यू देने पर 50 रुपये देने का झांसा दिया। झांसा देकर 42 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। रुपये मांगे तो ठगों ने मना कर दिया। युवक ने इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। ब्यूरो
ये बरतें सावधानी
- किसी को आधारकार्ड या पैनकार्ड न भेजें।
- किसी नए लिंक पर क्लिक न करें, आपकी निजी जानकारी ठगों को मिल सकती है।
- किसी ऑफर या इनाम के झांसे में न आएं।
- किसी को ओटीपी न बताएं, बैंक संबंधी डिटेल न दें।
- वीडियो कॉल पर न्यूड वीडियो बनाकर ठगी के मामले बढ़े हैं, इनसे सावधान रहें।
- रात में सोते वक्त मोबाइल फोन पर इंटरनेट बंद रखें।
- फिजूल के एप डाउनलोड करने से बचें।
- ठगी होते ही टोल फ्री नंबर 1930 पर कॉल करें।
- cybercrime.gov.in पर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
- सोशल मीडिया अकाउंट पर प्राइवेसी लगाकर रखें।