नवाबगंज। दुबई में अच्छे वेतन पर नौकरी लगवाने का झांसा देकर आरोपी ने कई युवकों से लाखों रुपये ले लिए। इसके बाद टूरिस्ट वीजा पर विदेश भेज दिया। जैसे-तैसे वह लोग भारत लौटे। रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की। पीड़ितों ने नवाबगंज थाने में तहरीर दी है।
खिजरपुर गांव के रहने वाले सलीम खां, रिहान खां, अशरफ खां, यासीन खां, शमशाद, शादाब खां, गुलजार खां, भमोरा थाना क्षेत्र के गांव मजनूपुर निवासी अमीरूल और पीलीभीत के नूरपुर गांव के आरिफ अली, मो. शाहिद ने बताया कि खिजरपुर गांव के रहने वाले आरोपी ने दुबई में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। प्रत्येक व्यक्ति से 1.20 लाख रुपये मांगे। कहा कि दुबई में 35 से 40 हजार रुपये प्रतिमाह की नौकरी मिलेगी।
उसकी बातों में आकर उन्होंने उसे रुपये दे दिए। रुपये लेने के बाद उसने टिकट कराकर दुबई भेज दिया। वहां उन लोगों से साफ-सफाई और बोझा ढोने का काम कराया गया। जानकारी करने पर पता चला कि उन्हें दो माह के टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। इसके बाद उन्होंने परिजनों को जानकारी दी। जैसे-तैसे वह लोग देश लौटे। वापस आकर जब आरोपी से रुपये मांगे तो उसने मना कर दिया। आरोपी के मां ने झूठा मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दी। इसके बाद वह लोग तहरीर लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने जांच करने के बाद मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही है।