नवाबगंज। विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर पति-पत्नी ने किसान के परिवार से सात लाख रुपये ठग लिए। रुपये लेने के बाद आरोपियों ने किसान के दो बेटों को 21 दिन के टूरिस्ट वीजा पर आर्मीनिया भेज दिया। वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी जब नौकरी नहीं मिली तो उन्हें ठगी का अहसास हुआ। एसएसपी के आदेश पर मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव याकूबपुर निवासी बलविंदर सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। गांव में ही रहने वाले एक व्यक्ति का रिश्तेदार जितेंद्र सिंह उर्फ बाॅबी अक्सर अपने रिश्तेदार के घर आता-जाता था। इस वजह से उनकी आरोपी ने जान-पहचान हो गई।
उसने कहा कि वह कई लोगों को विदेश में नौकरी दिला चुका है। उसने बेटों को आर्मीनिया में 40 हजार रुपये प्रतिमाह के आधार पर नौकरी दिलवाने की बात कही। कहा कि रहने और खाने का खर्चा कंपनी उठाएगी। दोनों बेटों को वहां नौकरी दिलाने के नाम पर उसने सात लाख रुपये की मांग की। बातों में आकर उन्होंने 5.20 लाख रुपये बैंक अकाउंट में और 1.80 लाख रुपये नकद दिए।
रुपये लेने के बाद आरोपी ने दोनों बेटों को आर्मीनिया भेज दिया। वहां जाने के बाद नौकरी नहीं मिली। इसी बीच वीजा की अवधि खत्म हो गई। जानकारी जुटाने पर पता चला कि आरोपी ने टूरिस्ट वीजा पर उन्हें भेजा है। जैसे-तैसे उन्होंने दोनों बेटों को वहां से बुलाया। बलविंदर सिंह ने बताया कि जब उन्होंने रुपये वापस मांगे तो आरोपी जितेंद्र और उसकी पत्नी गुरुप्रीत कौर ने गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वह तहरीर लेकर थाने पहुंचे।