शीशगढ़ (बरेली)। मानसिक मंदित बच्चों को तंत्र-मंत्र से सही करने का झांसा देकर ठगों ने रामपुर की महिला से तीन लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी के जेवरात ठग लिए। पंचायत के बाद ठगों ने 21 तोला सोने और 800 ग्राम चांदी के जेवरात लौटा दिए। लौटाए गए जेवरात में दो चूड़ी और दो कंगन नकली हैं। शीशगढ़ थाना पुलिस से शिकायत करने पर पुलिस ने रामपुर के केमरी थाने का मामला होने की बात कहकर कार्रवाई से इन्कार कर दिया।
रामपुर के गांव ज्वालापुर निवासी मोहम्मद असलम ने बताया कि वह दुबई में इंजीनियर हैं। दूसरी पत्नी के साथ वह दुबई में ही रहते हैं। पहली पत्नी फराह नूरी बच्चों के साथ गांव में रहती है। दो बच्चे मानसिक रूप से कमजोर हैं। करीब पांच महीने पहले शीशगढ़ के रहने वाले कुछ लोग घर पहुंचे थे। उन्होंने तंत्र-मंत्र से बच्चों को ठीक करने की बात कही।
पत्नी को झांसे में लेकर आरोपियों ने तीन लाख रुपये, 50 तोला सोने और दो किलो चांदी के जेवर ले लिए। कुछ समय बाद पत्नी ने जानकारी दी। जब वह दुबई से लौटे तो आरोपियों से नगदी और जेवर मांगे। 17 जनवरी को शीशगढ़ में पंचायत के बाद ठगो ने कुछ जेवर वापस किए। इनमें से दो चूड़ी और दो कंगन नकली थे।
26 जनवरी को फिर पंचायत हुई। इस दौरान आरोपियों ने जेवरात और नगदी लौटाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद वह थाने पहुंचे। यहां पुलिस ने रामपुर जिले का मामला बताकर कार्रवाई से इन्कार कर दिया। वहीं, शीशगढ़ इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि मामला रामपुर जिले के केमरी थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता को वहां संपर्क करने के लिए कहा है।