बरेली के भोजीपुरा के सपा विधायक शहजिल इस्लाम के चचेरे भाई डॉ. तमीम साबिर के खिलाफ उनकी पत्नी डॉ. सना खान की ओर से दर्ज कराए गए केस में पुलिस ने अदालत ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। सना ने पति पर हिजाब पहनने का दबाव बनाने और इस दबाव में न आने पर सोशल मीडिया पर उनके और उनके मायके वालों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया था।
पीलीभीत बाईपास पर आशीष रॉयल टॉवर में रहने वाली डॉ. सना खान की ओर से बारादरी पुलिस ने आईजी रेंज के आदेश पर ने आठ जून को रिपोर्ट दर्ज की थी। सना का कहना था कि 2017 में उनकी शादी डॉ. तमीम साबिर से हुई थी। शादी के चार महीने बाद ही पति, सास, ससुर और ननद ने उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया और मांग पूरी न होने पर घर से निकाल दिया। इस मामले में भी उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें पुलिस के चार्जशीट लगाने के बाद आरोपी पति ने समझौता करने की पेशकश की थी।
आरोप है कि इसके बाद उनके पति ने उन पर हिजाब पहनने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। उन्होंने हिजाब पहनने से इन्कार किया तो सोशल मीडिया पर हिजाब के समर्थन में पोस्ट डालते हुए उन पर और उनके मायके वालों पर अभद्र टिप्पणी की। उन्होंने इसका विरोध किया तो तलाक और परिवार समेत जान से मारने के साथ बदनाम करने की धमकी दी। बारादरी पुलिस ने डॉ. तमीम के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है।