बरेली। कड़ाके की ठंड का सितम थमा तो अब गर्म हो रहा मौसम बच्चों को बीमार बना रहा है। जिला अस्पताल के बच्चा वार्ड में डायरिया की चपेट में आ रहे बच्चों की कतार बढ़ रही है। शुक्रवार तक पांच बच्चे भर्ती हुए। विशेषज्ञ ने बच्चों की तबीयत बिगड़ने पर जांच कराने को कहा है।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. करमेंद्र के मुताबिक, पिछले दिनों कड़ाके की ठंड से बच्चे कोल्ड डायरिया की चपेट में रहे। वहीं, अब धूप निकलने के दौरान बच्चों की निगरानी में जरा सी लापरवाही उन्हें डायरिया का शिकार बना रही है। बताया कि धूप निकल रही है, पर हवा में नमी का स्तर अभी कम नहीं हुआ है। ऐसे में गर्म कपड़े हटने से सीधे हवा के संपर्क में आने से बच्चों के बीमार होने की आशंका रहती है। बीमारी की शुरुआत उल्टी और दूध पीना बंद करने से होती है। समय पर इलाज न मिला तो आगे चलकर डायरिया की स्थिति बनती है।
उन्होंने अभिभावकों को बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने का सुझाव दिया है। कहा कि तबीयत बिगड़ने पर विशेषज्ञ से परामर्श लें। बच्चे को जबरन दूध न पिलाएं, बल्कि ओआरएस का घोल दे सकते हैं। जो डिइाइड्रेशन से बचाएगा।
ओपीडी में 718 पर्चे बने, 180 की हुई जांच
शुक्रवार को जिला अस्पताल के पर्चा काउंटर पर 718 नए पर्चे बने। इसमें से सबसे ज्यादा वायरल बुखार, पेट दर्द, जी मिचलाने, ब्लड प्रेशर, शरीर में दर्द संबंधी रहे। फिजिशियन डॉ. राहुल ने बताया कि मरीजों को देखने के बाद उनकी जांच कराई गई। कई वायरल की चपेट में मिले।
-
25 डिग्री पहुंचा पारा, सामान्य से दो डिग्री ज्यादा
बरेली। करीब सप्ताहभर पहले तक सामान्य से कम दर्ज हो तापमान अब दो डिग्री ज्यादा जा पहुंचा है। शुक्रवार को दिनभर तेज धूप रही। अधिकतम 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, बृहस्पतिवार की रात पारा सामान्य से एक डिग्री कम 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने शनिवार को भी तेज धूप निकलने पर रविवार से हल्के, घने बादल मंडराने के आसार जताए हैं। ब्यूरो
मौसम इनपुट
अधिकतम तापमान 24.9
न्यूनतम तापमान 11.0
पूर्वानुमान :
दिन में धूप रहेगी। तेज हवा चलेगी। शाम से बादल मंडरा सकते हैं।
सूर्योदय 6.50
सूर्यास्त 6.02