बरेली। शासन से सख्त निर्देश के बाद भी स्कूल-कॉलेज, छात्र-छात्राओं को लाने व ले जाने के लिए अनधिकृत और अनफिट वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। मंगलवार को परिवहन विभाग ने जांच की तो 27 अनधिकृत वाहनों में विद्यार्थी मिले। इन वाहनों का चालान किया गया है। जिले के 22 स्कूल-कॉलेजों को नोटिस जारी कर उनसे वाहनों की सूची मांगी गई है।
फरवरी में बदायूं में स्कूल वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन बच्चों की मौत के बाद मंडल स्तर पर अभियान चलाया गया था। बाद में फिर सब पुराने ढर्रे पर आ गया। मंगलवार को आरटीओ दिनेश सिंह ने आठ स्कूलों के 27 अनधिकृत वाहनों को पकड़ा। इनमें छात्र-छात्राओं को ढोया जा रहा था। इनमें 19 वैन भी शामिल हैं। एक अनधिकृत बस और एक जेसीबी को भी सीज करके पुलिस के सुपुर्द किया गया है। सभी आठ स्कूलों के संचालकों को नोटिस दिया गया है। 14 अन्य स्कूल-कॉलेजों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।
जिले में अधिकारियों की कमी से थमी कार्रवाई
जिले में अधिकारियों की कमी से अनधिकृत वाहनों पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है। एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम राजेश कर्दम को चुनाव के दौरान निलंबित कर दिया गया था। वहीं, एआरटीओ प्रवर्तन द्वितीय संदीप जायसवाल चिकित्सकीय अवकाश पर चल रहे हैं। पीटीओ मुन्ना बाबू का तबादला हो गया है। एआरटीओ प्रशासन मनोज कुमार, एआरटीओ प्रवर्तन प्रथम का काम भी देख रहे हैं। ऐसे में मंगलवार को कार्रवाई के लिए शाहजहांपुर से पीटीओ आरिफ हुसैन को बरेली बुलाया गया। संवाद