बरेली। सैलानी के अबू होटल में शनिवार रात हुई फायरिंग के मामले में बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी चक महमूद के थे जिनकी फायरिंग से भगदड़ मच गई थी। पुलिस हमलावरों की तलाश में दबिश दे रही है।
एजाजनगर गौंटिया निवासी तौसीफ अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शनिवार रात 12 बजे वह सैलानी बाजार में कैथ के पेड़ के पास अबू होटल पर खाना खा रहे थे। तभी चक महमूद के अरमान, शोएब और उनके दो साथी घुसे और उनसे गालीगलौज करने लगे। उन्होंने विरोध किया तो उन्हें पीटना शुरू कर दिया। लोगों ने बीचबचाव कराने की कोशिश की तो अरमान ने तमंचा निकालकर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। उन्होंने भागकर जान बचाई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखकर आरोपियों की पहचान की। तौसीफ भी घबराया हुआ था और काफी देर बाद रिपोर्ट दर्ज कराने की हिम्मत जुटा सका। इधर, मौके पर मौजूद लोगों ने फायरिंग के वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। बारादरी थाना प्रभारी अमित पांडेय ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
- चुनाव आचार संहिता और त्योहारों के नाजुक मौके पर सैलानी इलाके में सहरी के नाम पर आधी रात के बाद तक हजारों की भीड़ जुट रही है। यहां पूरी रात चाय के होटलों से लेकर खाने-पीने की दुकानें सजी रहती हैं। एक बड़ा वर्ग जहां इबादत और सैर सपाटे के लिए आता है, वहीं कुछ युवा अपने घरों से निकलकर रात भर बाइकों से शहर में मटरगश्ती करते हैं। इस दौरान बिना साइलेंसर की बाइकों को दौड़ाकर पटाखे जैसी आवाज निकालने, स्टैंड नीचे कर बाइक दौड़ाकर चिंगारियां निकालने जैसे स्टंट किए जाते हैं। राह चलती महिलाओं को देखकर छींटाकशी की जाती है। पुलिस इस पर ध्यान नहीं दे रही है। सैलानी में शनिवार रात को इसी तरह के युवकों की वजह से विवाद हुआ।