मंगलवार को जिला अस्पताल में जिला जेल के 24 कैदियों की कराई जांच
बरेली। जिला जेल और सेंट्रल जेल में दो कैदियों की बीमारी से मौत के बाद प्रशासन ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। मामूली बीमारी होने पर भी अब कैदियों को तुरंत जिला अस्पताल भेजकर इलाज कराया जा रहा है। इसके अलावा कैदियों का मेडिकल चेकअप भी कराया जा रहा है। मंगलवार को दो गाड़ियों से 12-12 कैदियों को लाकर उनकी जांचें कराई गईं। सेंट्रल जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे 73 वर्षीय सोमपाल की 26 दिसंबर को मौत हो गई थी, जबकि जिला जेल में 83 साल के भूरे लाल की 29 दिसंबर को मौत हो गई थी। इसके बाद से जिला प्रशासन कैदियों की सेहत को लेकर सतर्क हो गया है। जेल परिसर में भी कीटनाशकों का छिड़काव कराया गया है। सीएमएस डॉ. टीएस आर्या ने बताया कि कैदियों में वायरल फीवर, खांसी, जुकाम और हड्डियों में दर्द की शिकायत मिल रही है।