बरेली। एलन क्लब मेें नए वर्ष का जश्न मनाने को लेकर कई निगम कर्मचारी आतुर हैं। सोमवार को ये कर्मी निगम अधिकारियों से एलन क्लब सदस्यों और प्रशासनिक अधिकारियों से पास दिलाने की बात करते देखे गए। गौरतलब है कि करीब डेढ़ महीने पूर्व एलन क्लब को डीएम के आदेश पर नगर आयुक्त ने सीज कर दिया था। तब कहा गया था कि इस क्लब की लीज समाप्त हो गई है। अब एक बार फिर इस क्लब को खोल दिया गया है। डीएम इसके कस्टोडियन हैं। ऐसे में इस बार यहां नए वर्ष की भव्य पार्टी का आयोजन कराया जाना है। इसे लेकर निगम के कर्मचारियों में भी पास लेने की होड़ शुरू हो गई है। सोमवार को निगम कर्मचारी अपने अधिकारियों से पास दिलवाने की गुजारिश करते देखे गए। इस दौरान अधिकारियों ने खुद के पास के लाले की बात कही तो इन कर्मचारियों ने प्रशासनिक अधिकारियों में अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर पास दिलाने की मांग रख दी। अधिकारियों ने किसी तरह आश्वासन देकर अपना पीछा छुड़ाया।