बरेली। छेड़खानी के विरोध पर ट्रेन के आगे फेंकने से दोनों पैर और एक हाथ गंवाने वाली सीबीगंज की छात्रा ने शुक्रवार को दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री नरेंद्र कश्यप से अच्छी कंपनी से कृत्रिम पैर लगवाने की मांग की। मंत्री ने शुक्रवार को छात्रा से मुलाकात कर उसका हाल जाना और उसे दिव्यांगजन कोटे से नीट की तैयारी कराने का आश्वासन दिया।
मंत्री ने सभी सुविधाएं दिलाने का भरोसा दिलाया और दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया। वहीं, पिता ने राज्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर बेटी के जीवनयापन के लिए सरकारी नौकरी और आर्थिक मदद दिलाने की मांग की। इसके बाद राज्यमंत्री छात्रा के गांव पहुंचे और परिजन से मुलाकात की।
ग्रामीणों ने विधवा, वृद्धा पेंशन आदि न मिलने की बात कही। मंत्री ने पात्रों को लाभ दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान भाजपा नेता पूरनलाल लोधी, सुरेश गंगवार मौजूद रहे। वहीं, सर्किट हाउस पर भाजपा के महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना के नेतृत्व में विष्णु शर्मा, डॉ. तृप्ति गुप्ता, बंटी ठाकुर, देवेंद्र जोशी आदि ने राज्यमंत्री का स्वागत किया।
दिव्यांगजनों की बनाई जाए फैमिली आईडी, मिले लाभ
पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के राज्यमंत्री ने सर्किट हाउस में मंडलीय समीक्षा की। योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने, शादी प्रोत्साहन, पेंशन दिलाने, राशन कार्ड से वंचित दिव्यांगजन की फैमिली के आईडी बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान पिछड़ा वर्ग कल्याण उपनिदेशक महेश कांडपाल, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उपनिदेशक ऋतुराज, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी वीरपाल, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी चमन सिंह व अन्य मौजूद रहे।