मीरगंज। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की पीटकर हत्या के आरोप में उसकी ससुराल वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। शाही क्षेत्र के मंडवा बंशीपुर निवासी वेदप्रकाश ने मीरगंज पुलिस को बताया कि उनकी बेटी हेमवती की शादी मीरगंज के गांव मुंडनपुर के रामेश्वर दयाल से साढ़े पांच साल पहले हुई थी। सामर्थ्य के अनुसार, गृहस्थी का सामान भी भेंट किया था। दंपती का एक बेटा-एक बेटी है। आरोप है कि दहेज की मांग करते हुए हेमवती को प्रताड़ित किया जाता था। 13 जून को सूचना मिली कि बेटी की हालत गंभीर है। वह बरेली के अस्पताल में भर्ती है। देखने गए तो बेटी हेमवती ने बताया, दो लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर पति रामेश्वर दयाल, ससुर वीरपाल, सास भागवती, जेठानी, जेठ महीपाल, मीरा, नत्थूलाल की पत्नी, लालसिंह की पत्नी, पप्पू, हरीश समेत कुछ अज्ञात लोगों ने कमरे में बंद कर दिया। बाद में बेरहमी से पीटा, जिससे हालत बिगड़ गई। यह जानकारी देने के तीन घंटे के बाद हेमवती ने दम तोड़ दिया। शव के पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया। सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच गहनता से की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।