बरेली। इन दिनों ट्रैफिक पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन पर आंखें बंदकर धड़ाधड़ वाहनों के चालान कर रही है। पुलिस ने एक ऐसी कार का 54 हजार रुपये का चालान कर दिया है, जो बरेली में है ही नहीं। कार स्वामी ने एसएसपी और एसपी ट्रैफिक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
शहर के तिरुपति विहार नेकपुर निवासी विवेक मिश्रा एक कंपनी में प्रबंधक हैं। यातायात नियमों के उल्लंघन में उनकी कार का 14 मई को 54 हजार रुपये का चालान कर दिया गया है। विवेक का कहना है कि 14 मई को उनकी कार गुरुग्राम में और वह गोवा में थे।
ट्रैफिक पुलिस ने शहर के आयूब खां चौराहे के पास चालान करना दर्शाया है। एसएसपी और एसपी ट्रैफिक से शिकायत करने के साथ पीड़ित ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत की है। आरोप लगाया है कि किसी ने ट्रैफिक पुलिस से मिलकर एडिट करके उनकी कार की वीडियो तैयार की और रंजिशन भारी भरकम चालान कराया है।
एसपी ट्रैफिक राम मोहन सिंह का कहना है कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालान में पूरी सतर्कता बरती जा रही है। इस तरह की अगर कोई शिकायत है, तो जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।