बरेली। कैंट बोर्ड अपनी आय बढ़ाने के लिए दुकानों का किराया बढ़ाने की तैयारी में है। मंगलवार को आयोजित बोर्ड बैठक में रखे गए प्रस्ताव पर मंथन के बाद दुकानों की मौजूदा स्थिति का आकलन, क्षेत्रफल की सर्वे रिपोर्ट समेत एसटीआर (स्टैंडर्ड टेबल ऑफ रेंट) के तहत किराया दर बढ़ाने की बात कही है। इसके लिए कैंट कार्यालय के राजस्व विभाग को जिम्मेदारी सौंपी गई गई है।
मंगलवार को कैंट बोर्ड कार्यालय में ब्रिगेडियर मनीष कुकरेती की अध्यक्षता में विशेष बोर्ड की बैठक हुई। पिछली बैठक की गतिविधि और उनके अनुपालन पर मंथन करने के बाद एजेंडा पर विचार विमर्श शुरू हुआ। कैंट बोर्ड के सीईओ विवेक सिंह ने बिंदुवार एजेंडा रखा। कर्मचारियों की एसीपी और नए नियमों से नियुक्ति प्रस्ताव पर सहमति बनी, प्रोन्नत के लिए शैक्षिक योग्यता पर भी चर्चा की गई। कैंट बोर्ड पहले से ही ओडीएफ प्लस और गार्बेज फ्री घोषित हो चुका है। प्रमाणपत्र के नवीनीकरण का प्रस्ताव पर सहमति बनी। हॉस्पिटल में खराब फर्नीचर बदलवाने, आरए बाजार स्थित सुलभ शौचालय का पुनर्निमाण प्रस्ताव पर मुहर लगी। कैंट बोर्ड की बंद सड़कों को खुलवाने के लिए सेना मुख्यालय के भेजे पत्र पर विचार के बाद दुकानों की किराया दर पर चर्चा की गई।
इन क्षेत्र की सीएफ शॉप का बढ़ेगा किराया
सदर बाजार की 45 सीएफ शॉप, बीआई बाजार की 30, बलवंत सिंह मार्ग की 12, बदायूं रोड की दो शॉप समेत सदर बाजार के सीएफ मार्केट एरिया के चार स्टाल और खोखा बाजार के तीन स्टाल का किराया बढ़ाने का प्रस्ताव है।
गार्बेज टू गोल्ड से आय बढ़ा रहा कैंट बोर्ड
बैठक में कैंट बोर्ड की ओर से स्थापित गार्बेज टू गोल्ड प्लांट से प्रति माह हजारों रुपये की आय हो रही है। रिकॉर्ड के मुताबिक फरवरी में 54372 रुपये, मार्च में 78126 रुपये की आय हुई है। वहीं, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन से भी आय हो रही है।