बरेली। अगले महीने पुलिस भर्ती परीक्षा व उर्स-ए-रजवी साथ-साथ होने से रेलवे, रोडवेज, पुलिस और प्रशासन के लिए भी अग्निपरीक्षा जैसी स्थिति होगी। 23 से 31 अगस्त तक ट्रेनों और रोडवेज बसों पर दबाव बढ़ जाएगा। रेलवे और रोडवेज ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। भीड़ के मद्देनजर रेलवे कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने पर भी विचार कर रहा है। दरअसल, 23 से 31 अगस्त तक एक ओर पांच दिन पुलिस भर्ती परीक्षा होगी और इसी दौरान 29, 30 और 31 अगस्त को आला हजरत का उर्स भी होना है।
उर्स में देश-विदेश के लाखों जायरीन बरेली आते हैं। यूपी और उत्तराखंड समेत राजस्थान, दिल्ल, बिहार, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, बंगाल के जायरीन की संख्या ज्यादा रहती है। उर्स में रोजाना करीब दो लाख जायरीन शहर में जुटेंगे। इधर, 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त को पुलिस भर्ती परीक्षा प्रस्तावित है। इन दिनों में आस-पास के जिलों के अभ्यर्थी परीक्षा देने बरेली आएंगे। बरेली के अभ्यर्थी भी आस-पास के जिलों में जाएंगे।
रोडवेज के आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि इस दौरान शत प्रतिशत बसों का संचालन किया जाएगा। प्रशासन से परीक्षार्थियों और परीक्षा केंद्रों की सूची मिलने के बाद रूट तय किए जाएंगे। संवाद