बरेली। उप्र लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी (यूपीपीएससी आरओ/एआरओ) की परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। करीब 34 फीसदी अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। जो अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, उनमें से ज्यादातर समसामयिकी, शब्द, वर्तनी को सुलझाने में उलझते रहे।
डीआईओएस कार्यालय में स्थित कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के मुताबिक समीक्षा अधिकारी प्रारंभिक प्रवेश परीक्षा में 25,650 विद्यार्थी पंजीकृत रहे। सुबह की पाली में 15,834 अभ्यर्थी उपस्थित और 9,816 अनुपस्थित रहे। दोपहर में 15,692 अभ्यर्थी उपस्थित और 9,958 अनुपस्थित रहे। पहली पाली के प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान, भारत का इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, राज्यतंत्र, अर्थव्यवस्था एवं संस्कृति, कृषि, वाणिज्य, जनसंख्या, पर्यावरण, विश्व भूगोल, समसामयिकी व अन्य विषय संबंधी सवाल रहे। दूसरी पाली के प्रश्नपत्र में विलोम, वाक्य एवं वर्तनी शुद्धि, अनेक शब्दों के बदले एक शब्द, तत्सम एवं तद्भव शब्द, विशेष्य और विशेषण, पर्यायवाची शब्द व अन्य सवाल रहे। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा।
बरेली कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्र के बाहर मिले परीक्षार्थी अतुल गंगवार, सोनिया मिश्रा, वेदांत के मुताबिक पहली पाली के सवाल आसान रहे पर दूसरी पाली में कई प्रश्न दिमाग को चकराते रहे। हालांकि, उन्होंने सभी सवाल हल किए हैं। परिणाम सकारात्मक होने की उम्मीद जताई है।