अलीगंज/सिरौली। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती रविवार को धूमधाम से मनाई गई। इस दौरान जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित करके बाबा साहेब के कृतित्व और व्यक्तितत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने उनके दिखाए रास्ते पर चलने की अपील की। कई गांवों में शोभायात्राएं भी निकाली गईं।
अलीगंज में डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद कस्बे में शोभायात्रा निकाली गई। धनेती खरगपुर गांव में ग्रामीणों ने केक काटकर बाबा साहेब का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान रनवीर सिंह, शुभम भारती, रामनिवास, मुनीश, फूल सिंह, तेजपाल, वीरपाल, अमरपाल आदि मौजूद रहे। भमोरा में आंबेडकर पार्क से निकाली गई शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। रामपुर कांकर गांव में पुलिस ने नई परंपरा का हवाला देकर शोभायात्रा नहीं निकलने दी। पिछली बार गांव में हुए विवाद के चलते बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
सिरौली कस्बे में कई जगह कार्यक्रम आयोजित हुए। मोहल्ला गढ़ी से निकाली गई शोभायात्रा मोहल्ला पांडान, मुख्य बाजार, साहूकारा से मोहल्ला प्यास होते हुए अलीगंज मार्ग पहुंची। यहां पुष्पवर्षा से यात्रा का स्वागत किया गया। मोहल्ला गढ़ी पहुंचकर शोभायात्रा का विश्राम हुआ।
नवाबगंज में डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में कार्यक्रम का शुभारंभ बुद्ध वंदना से हुआ। भीमराव आंबेडकर विकास समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद ने कहा कि हमें बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए। विधायक डॉ. एमपी आर्य ने शिक्षा का महत्व बताया। पालिकाध्यक्ष प्रेमलता राठौर ने कहा कि बाबा साहेब ने महिलाओं को अधिकार दिलाए। यहां कुंवर सेन, रामकरन लाल, नीरेंद्र सिंह राठौर, हरीश सागर, हरस्वरूप मौजूद रहे।
हाफिजगंज क्षेत्र के गांव अहमदाबाद, नरई नौवानगला, सुंदरी में ग्रामीणों से बाबा साहेब के दिखाए रास्ते पर चलने की अपील की गई। कुंवरपुर बंजरिया, साबिरखेड़ा, भटपुरा जागीर, खाईखेड़ा, गजराजपुर गांव में भी कार्यक्रम हुए। रिठौरा के आंबेडकर पार्क में नगर पंचायत अध्यक्ष शकुंतला देवी, धनपाल सिंह, बब्लू, रितेश, अजय, बाबू सागर, हरपाल सिंह, मुरारीलाल आदि ने माल्यार्पण किया। ठिरिया सैदपुर गांव में बुद्धिस्ट सोसाइटी ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मेधावियों का सम्मान किया गया। रघुनाथपुर, ऐंठपुर, बड़ागांव, गंगापुर आदि गांवों में शोभायात्राएं निकाली गईं।
मीरगंज तहसील में एसडीएम देशदीपक सिंह ने भीमराव आंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण किया। थाना परिसर में सीओ दीपशिखा अहिबरन सिंह और प्रभारी निरीक्षक कुंवर बहादुर सिंह की मौजूदगी में कार्यक्रम हुआ। ओमकार कातिब के नेतृत्व में मढ़ी सत्याना से निकाली गई शोभायात्रा पूरे कस्बे में घूमी। शाही क्षेत्र में थाना परिसर के साथ विक्रमपुर और महेशपुर में भी कार्यक्रम हुआ।
बहेड़ी में नैनीताल रोड स्थित एक बरातघर में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। ग्राम पंचायत भिलैइया में ग्रामीणों ने केक काटा। खेमेंद्र कुमार ने भीमराव आंबेडकर द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। इस दौरान पवन सागर, अशोक कुमार, संजीव कुमार, शंकर लाल, प्रदीप कुमार, भगवत सरन आदि मौजूद रहे।