बरेली। शहर के उपभोक्ताओं ने बुधवार को भी बिजली कटौती और ट्रिपिंग झेली। शाहदाना उपकेंद्र से 14 घंटे तक आपूर्ति ठप रही। जगतपुर उपकेंद्र के ट्रांसफार्मर में खराबी आने से एक-एक घंटे के बाद एक-एक घंटे कटौती की गई। एजाजनगर में बंच केबल जलकर गिरने से उसकी चपेट में आकर स्कूटी राख हो गई। एक व्यक्ति बाल-बाल बचा।
मंगलवार रात दो बजे शाहदाना उपकेंद्र के 11 और 33 केवी केबल के बॉक्स में फॉल्ट हो गया। इनको बुधवार चार बजे के बाद जोड़ा जा सका। इस दौरान शाहदाना उपकेंद्र से जुड़े शाहदाना, सैलानी, मठ की चौकी, कांकर टोला, हजियापुर, गंगापुर, सिकलापुर, बांस मंडी, रोहली टोला आदि इलाकों की आपूर्ति 14 घंटे तक बाधित रही। इन इलाकों के उपभोक्ताओं को बुधवार सुबह पानी के लिए भी जूझना पड़ा। शाम को आपूर्ति सामान्य हुई, लेकिन रात में फिर ट्रिपिंग होने लगी। जगतपुर उपकेंद्र के पावर ट्रांसफार्मर में खराबी आने से उपभोक्ताओं को कटौती का सामना करना पड़ा। किला, कुतुबखाना, सुभाषनगर उपकेंद्रों के इलाकों में भी लोकल फॉल्ट के कारण कटौती होती रही।
जगतपुर उपकेंद्र के एजाजनगर में कादरी मस्जिद के पास बुधवार सुबह बंच केबल जलकर गिरने से सईद नाम के मैकेनिक की स्कूटी राख हो गई। सईद ने बताया कि स्कूटी उसके पास सर्विस के लिए आई थी। केबल गिरने से वह भी बाल-बाल बचा। इस दौरान वहां चार घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। राजेंद्र नगर उपकेंद्र के चाहवाई में दिन भर ट्रिपिंग होती रही। कोहाड़ापीर, चाहवाई, पटवा गली, बजरिया पूरनमल के उपभोक्ताओं को कटौती और ट्रिपिंग का सामना करना पड़ा। अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार ने बताया कि शाहदाना उपकेंद्र में फॉल्ट के कारण कटौती की गई।