रामलीला सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष समेत 11 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
नवाबगंज। महिला की भूमि की पैमाइश के बाद उसे भूमि पर कब्जा दिला दिया गया, लेकिन दबंगों ने उसकी भूमि की मेड़ तोड़ कर उसपर अवैध कब्जा कर लिया। अब वह उसे भूमि पर कब्जा देने के नाम पर दो-दो लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। इससे परेशान महिला ने रामलीला सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष समेत 11 लोगों के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के ईधजागीर गांव की विधवा अमृता देवी की रानीगंज गांव में भूमि है। इस भूमि पर दबंगों ने अवैध कब्जा कर लिया था। इसकी विधवा ने अधिकारियों से शिकायत की तो दो अगस्त को चकबंदी विभाग और राजस्व कर्मियों ने पुलिस बल की मौजूदगी में जमीन की पैमाइश करने के बाद उसे भूमि कब्जा दिला दिया था। कुछ समय बाद दबंगों ने उसकी भूमि की मेड़ तोड़कर उस पर अवैध कब्जा कर लिया। विधवा ने रामलीला सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष अरविंद शुक्ला, रफीक अहमद, उसके पुत्र ,महेन्द्र, दानवीर, अर्जुन, राजेश, रमेश, आलम, उसके पुत्रों व रामदीन के खिलाफ थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई है। संवाद