बरेली। लोन दिलाने का झांसा देकर युवक को कचहरी ले गए। वहां जूस में नशा देकर उसके प्लॉट का बैनामा करा लिया। कैंट के क्राॅस रोड निवासी अशोक बजाज ने अपना प्लॉट पवन पटेल को सात हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर दिया था। पवन प्लॉट पर रेता बजरी का कारोबार करता था। पवन ने अपने साथी मनोज और गौरव कन्नौजिया से अशोक की मुलाकात कराई। पवन ने बताया कि दोनों लोन दिलवाते हैं। अशोक ने घर बनवाने के लिए लोन लेने की बात कही। इस पर पवन पटेल, मनोज और गौरव कन्नौजिया उन्हें लिखापढ़ी के बहाने कचहरी ले गए। वहां नशीला जूस पिलाकर प्लॉट का बैनामा करा लिया। अशोक ने जब पवन से किराया मांगा तो उसने बैनामा दिखाकर कब्जा देने की बात कही। अशोक ने धोखाधड़ी का आरोप लगाया तो तीनों ने उनसे मारपीट की। पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। न्यायालय के आदेश पर कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है। ब्यूरो