आंवला। मां को जहरीला पदार्थ खिलाकर मारने के आरोप में बेटे ने अपने ही सगे भाइयों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना क्षेत्र के कंथरी गांव निवासी उपेंद्र पाल सिंह ने बताया कि उसका भाई व भाभी आए दिन उसको प्रताड़ित करते थे। भाभी अक्सर अपने मायके वालों को बुला कर गाली-गलौज करती है। आरोपियों से तंग आकर उसकी मां शीला देवी अपने दामाद के साथ थाने गई तो थाने गेट पर मौजूद आरोपी ने मां को रिपोर्ट दर्ज न कराने की धमकी दी। मां घर वापस आई तो आरोपियों ने मां को जहरीला पदार्थ खिला दिया। हालत बिगड़ने पर मां को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उनकी सोमवार को मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सतेंद्र पाल सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, ओमपाल सिंह व उर्वेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। संवाद