बरेली। बदायूं रोड बालाजी मंदिर के पास शनिवार रात चोरों ने तीन घरों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर लिया। पुलिस तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज करने की बात कह रही है।
चोरों ने कमलेश जनरल स्टोर के सामने स्थित तीन मकानों को निशाना बनाया। जहां वारदात हुई वहां रात 10-11 बजे तक चहल-पहल रहती है। माना जा रहा है कि रात में भारत की जीत के समय हुई आतिशबाजी के दौरान ही चोरों ने ताले तोड़ दिए। इससे किसी को पता भी नहीं चला। जिन मकानों के ताले तोड़े गए उनमें से एक मकान में वृद्धा किराये पर रहती थीं, जबकि दो मकान खाली थे।
वृद्धा अपने किसी रिश्तेदार के घर गई हुई थीं। चोरों ने वृद्धा के मकान में रखा सारा सामान चोरी कर लिया। सुबह जब लोगों ने घरों के दरवाजे खुले देखे तब चोरी का पता चला। सूचना पर पुलिस व फील्ड यूनिट भी मौके पर पहुंच गई। इंस्पेक्टर सुभाष नगर सतीश कुमार राय ने बताया कि छानबीन की जा रही है। संवाद