बहेड़ी। डीएम रविंद्र कुमार ने शनिवार को एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान व अन्य अधिकारियों के साथ पीलीभीत संसदीय क्षेत्र में शामिल बहेड़ी विधानसभा का भ्रमण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक करके आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। काम में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
बैठक में डीएम ने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता पर्ची बांटे। शतप्रतिशत मतदाता सूची का वितरण हो यह सुनिश्चित कराया जाए। सभी मतदाताओं को माई बूथ एप डाउनलोड कराने और मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कहा। सभी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि बूथों का निरीक्षण कर यह देख लें कि वेबकास्टिंग हेतु चयनित बूथों में कैमरा कहां लगना है।
कैमरे की स्थिति ऐसी रहे जिससे मतदान कार्मिक लोग स्पष्ट दिखाई दें। यह भी देख लें कि कैमरे से विद्युत प्लग की दूरी सात मीटर से ज्यादा ना हो। चेकिंग के दौरान जिन वाहनों को सीज किया जाए उनका गाड़ी नंबर, मालिक का पता एक रजिस्टर में दर्ज किया जाए। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि सेक्टर पुलिस अधिकरियों के साथ समन्वय बनाकर रखें। बैठक में एडीएम प्रशासन दिनेश, एसडीएम बहेड़ी अजय कुमार उपाध्याय भी मौजूद रहे।