-रंगदारी के आरोप में पुलिस ने भेजा जेल
गुलड़िया। भारतीय किसान यूनियन से हाल ही में जुड़े एक युवा नेता को प्रधान से रंगदारी मांगने के आरोपी में कार्रवाई का सामना करना पड़ा। प्रधान के ससुर व पूर्व ब्लॉक प्रमुख श्रीपाल ने भाकियू नेता पर रंगदारी मांगने, सरकारी कार्य में बांधा डालने सहित कई धाराओं में मामला दर्ज कराया है, जिसमें मंगलवार को पुलिस ने किसान नेता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इधर, किसान नेताओं ने विरोध किया है।
सिरौली थाना क्षेत्र के ग्राम गुरुगांव मुस्तकिल निवासी युवा नेता तरुण सिंह पिछले कुछ सालों से विभिन्न संगठनों से जुड़े हुए हैं। हाल ही में तरुण सिंह ने भारतीय किसान यूनियन की सदस्यता ग्रहण की हैं। बताते हैं कि जुलाई महीने में रामनगर ब्लॉक के ग्राम आलमपुर के प्रधान पर वित्तीय अनियमितताओं का आरोप ग्रामीणों ने लगाया था। जांच वाले दिन तरुण सिंह आलमपुर गांव पहुंच गए। इस दौरान जांच अधिकारियों और ग्रामीणों के साथ काफी कहासुनी भी हुई थी, यही नहीं गांव वालों ने शिकायत के अनुसार जांच न करने पर अधिकारियों का घेराव भी किया। इस दौरान तरुण सिंह ने शिकायतकर्ताओं का साथ दिया। वहीं, दूसरी ओर आलमपुर के प्रधान के ससुर श्रीपाल ने कई मामलों में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
भाकियू नेता की गिरफ्तारी के बाद भारतीय किसान यूनियन के दर्जनों नेता थाना सिरौली पहुंच गए। उन्होंने तरुण सिंह पर कार्रवाई का विरोध किया। इसके बाद मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव चौधरी शिशुपाल सिंह के नेतृत्व में कई किसान नेता एसएसपी बरेली से मिले। पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक बताते हुए फर्जी मुकदमे दर्ज होने की बात कही।
जांच बंद कराने के नाम पर आरोपी ने लिए रुपये: पूर्व ब्लॉक प्रमुख
तरुण सिंह ने गांव की जांच बंद कराने के नाम पर तीन लाख मांगे। इसमें से 13 हजार की राशि भी दे दी गई है। शेष रह गए रुपये न मिलने पर पुत्रवधू को जेल भिजवाने की धमकी मिल रही थी। संबंधित के खिलाफ मेरे पास सबूत भी है।