फरीदपुर। पैदल जा रहे दंपती को बीसलपुर रोड पर दो अज्ञात बाइक सवारों ने रोक कर उनके पास रखे 31 हजार रुपये लूट लिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित महिला ने अज्ञात लुटेरों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव नगरिया विक्रम निवासी ओमवती ने फरीदपुर थाने में तहरीर देते हुए पुलिस को बताया कि फरीदपुर के नकाशी में उसने बकरा बेच था, जिसके उसे 31 हजार रुपये मिले। महिला के पति ने रुपये अपनी जेब में रख लिए। दोनों ही बीसलपुर रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के सामने पहुंचे। तभी दो-दो बाइक सवार आए और उन्होंने महिला के पति ओंकार को पकड़ लिया। उनकी जेब में रखे रुपये लूट लिए। पीड़ित ने बताया कि आरोपी अपना चेहरा ढके हुए थे। लूट की घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। इंस्पेक्टर फरीदपुर रामसेवक ने बताया कि महिला की तहरीर पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, बैंक में लगे सीसी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। संवाद