भमोरा। बरेली-बदायूं मार्ग पर आलमपुर जाफराबाद गांव के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। साथी को गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग को लेकर हंगामा करते हुए जाम लगा दिया। मंगलवार को इसी जगह पर डग्गामार बस से कुचलकर साइकिल सवार बुजुर्ग की जान चली गई थी। लगातार हादसों के बाद भी यहां सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए जा रहे।
वडरई कुईयां निवासी संजीव (30 वर्ष) अपने मित्र राजवीर के साथ बैंक से रुपये निकालने के लिए देवचरा जा रहे थे। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। बमियाना रेलवे स्टेशन के लिए जाने वाले कट से सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन ने बाइक को चपेट में ले लिया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
एक ही जगह पर आए दिन हो रहे हादसों को लेकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। उनका कहना था कि दो दिन में यहां दो लोगों की जान जा चुकी है। इसके बाद भी न तो स्पीडब्रेकर लगाए गए हैं और न ही सुरक्षा के अन्य इंतजाम। प्रदर्शन की वजह से वहां लंबा जाम लग गया। सूचना पर पुलिस के साथ वडरई कुईयां के ग्राम प्रधान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों को समझाया।
गांव वालों ने बताया कि संजीव के पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। तीन भाइयों में संजीव दूसरे नंबर का था। मां ने ही तीनों बेटों की परवरिश की। संजीव मजदूरी करता था। तीन दिन पहले ही वह औरेया से घर लौटा था। संजीव के परिवार में पत्नी के अलावा दो छोटी बच्चियां हैं।