सिरौली। बाइक की एजेंसी मालिक ने चार लोगों पर 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव देवचरा के मुकेश गुप्ता की सिरौली के गांव हरदासपुर में गणेश ऑटो सेल्स के नाम से बाइकों की एजेंसी है। मुकेश ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसने गांव दलीपुर के जुगेंद्र सागर को चार बार में करीब डेढ़ लाख रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि जब उन्होंने उधार के रुपये मांगे तो जुगेंद्र ने उल्टे उससे 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
आरोप यह भी है कि जुगेंद्र अपनी पत्नी को एजेंसी पर भेजकर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देता है। इसलिए पीड़ित एजेंसी पर नहीं जा रहा है। बताया कि 15 जुलाई को जुगेंद्र और उसकी पत्नी ने दो अज्ञात लोगों के साथ मुकेश की पत्नी और बेटे को दलीपुर मोड़ पर रोक लिया और बेटे को बुरी तरह पीटा। 15 लाख की रंगदारी मांगी।
मना करने पर जुगेंद्र ने उनके बेटे के सिर पर तमंचे से फायर कर दिया, जो मिस हो गया। तभी पुलिस की गाड़ी आती देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। मामले में जुगेंद्र सागर के साथ तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। सिरौली के कोतवाल राजेश कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी