नवाबगंज/क्योलड़िया। भदपुरा ब्लॉक के नहरपुर गौरीखेड़ा और नकटपुर गांव के पास बह रही पनघैली नदी पर पुल के निर्माण का भूमि पूजन शनिवार को किया गया। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिले के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक डॉ. एमपी आर्य, एमएलसी महाराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रवि शंकर और डॉ. आशुतोष गंगवार ने भूमि पूजन किया। प्रभारी मंत्री ने कहा, 12 करोड़ 74 लाख 13 हजार रुपये की लागत से पुल का निर्माण कराया जाएगा। पुल बनने से क्षेत्र के कई गांव के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा, डबल इंजन की सरकार में पुल का निर्माण हो रहा है। इसकी मांग लंबे समय से थी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष सोमपाल शर्मा, लेखराज गंगवार, आदेश प्रताप सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह आदि मौजूद रहे।