फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अयोध्या में भूमि पूजन.. बरेली में चप्पे-चप्पे पर रही निगरानी

विज्ञापन
शहर में गश्त करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
विज्ञापन

शहर से देहात तक टोह लेते रहे अफसर, धर्मस्थलों पर तैनात रही फोर्स, ड्रोन से भी की गई निगरानी

बरेली। अयोध्या में बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि पूजन के दौरान देश भर में हाईअलर्ट घोषित किया गया। बरेली जिले को 29 सेक्टर में बांटकर अधिकारियों ने चेकिंग कराई। डीएम और एसएसपी अयूब खां चौकी पर कैंप किए रहे। पीएसी और अर्धसैनिक बल भी लगाए गए। घनी बस्तियों में ज्यादा पुलिस तैनात की गई। कई जगह ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई। शहर में कई जगह लोगों ने आतिशबाजी कर खुशियां मनाईं। अमर उजाला की टीम ने शहर में कई जगह का हाल देखा।

डीएम-एसएसपी ने किया कैंप, देहात में भी गए कप्तान

प्रशासन की ओर से सभी तरह के कार्यक्रमों पर रोक का दावा किया गया था। अधिकारी भी अलर्ट रहे। बुधवार सुबह दस बजे ही डीएम नितीश कुमार और एसएसपी शैलेश पांडेय शहर के बीचोंबीच स्थित सिविल लाइंस पुलिस चौकी पर आकर बैठ गए। अधिकारी यहां दोपहर तक कैंप किए रहे। इसके बाद शहर में भ्रमण करने निकले। बाद में एसएसपी ने नवाबगंज और हाफिजगंज क्षेत्र में जाकर सुरक्षा बंदोबस्त का जायजा लिया।

धर्मस्थलों पर तैनात रही पुलिस

पुलिस प्रशासन को अंदेशा था कि उत्साह में हिंदूवादी संगठन मंदिरों में शक्ति प्रदर्शन जैसा कार्यक्रम कर सकते हैं। वहीं घनी बस्तियों में भी विरोध स्वरूप कोई प्रदर्शन होने की आशंका थी। इससे निपटने की पूरी तैयारी की गई थी। कोतवाली में आंसू गैस के साथ बज्र वाहन तैनात रहा। सिविल लाइंस हनुमान मंदिर समेत कई और धर्मस्थलों पर पुलिस तैनात रही। शहर में पीएसी और आरएएफ भी घनी बस्तियों में लगाई गई।

ड्रोन कैमरे से की निगरानी, रूट मार्च किया

देर शाम एसएसपी ने शहर के कई इलाकों में रूट मार्च किया। उनके निर्देश पर हर थाना प्रभारी ने अपने क्षेत्र में रूट मार्च कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुराना शहर में ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। खासतौर पर यह देखा गया कि कहीं किसी छत पर पत्थर तो जमा नहीं हैं, लेकिन कहीं कुछ नहीं मिला।

आतिशबाजी कर किया खुशी का इजहार

श्रीराम मंदिर शिलान्यास के मौके पर शहरवासियों में जबर्दस्त खुशी का माहौल देखने को मिला। कई जगह लोगों ने कार्यक्रम किए। टीबरीनाथ मंदिर के पास लोगों ने सड़क पर आतिशबाजी की। महिलाओं और बच्चों ने भांगड़ा किया। कई जगह प्रसाद के साथ मास्क भी बांटे गए। इज्जतनगर एयरफोर्स क्षेत्र में महिलाओं ने मंगल गीत गाकर मंदिर निर्माण की खुशी मनाई। महिलाओं ने चौपाई भी सुनाईं। इनमें शीला कश्यप, शीतल शर्मा, प्रतिभा पांडेय, निधि जौहरी, गीता यादव आदि शामिल थीं। हिंदू एकता समिति के लोगों ने मठलक्ष्मीपुर स्थित प्राचीन शिवमंदिर में दीपोत्सव मनाया।

पूरी रौ में दिखा शहर.. जाम भी लगा

श्रीराम मंदिर शिलान्यास को लेकर जहां अफसर टेंशन में दिखे वहीं आम जनता को इससे ज्यादा सरोकार नहीं दिखा। बाजार पूरी तरह खुला रहा। चौपुला चौराहों पर जाम भी लगा। रक्षाबंधन और पड़वा के बाद बुधवार को लोगों ने घर वापसी की तो सड़क पर और दिनों की अपेक्षा वाहनों की संख्या बढ़ गई।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें