मुड़िया मुकर्रमपुर टोल प्लाजा पर शुक्रवार को भाकियू (भानु) के कार्यकर्ताओं ने धरना देकर टोल फ्री किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व तराई क्षेत्र बरेली के युवा प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर अनुज सिंह ने किया। 40-50 किसान कार्यकर्ता टोल प्लाजा पहुंचे और अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि यह टोल प्लाजा राजमार्ग नियमों के विपरीत संचालित किया जा रहा है। जनप्रतिनिधियों की गाड़ियां टोल फ्री गुजरती हैं, जबकि किसानों और भाकियू पदाधिकारियों की गाड़ियों को रोककर उनको परेशान किया जाता है। सूचना पर इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे। पुलिस के आश्वासन के बाद धरना समाप्त हुआ। एसडीएम को संबोधित ज्ञापन प्रभारी निरीक्षक को दिया गया। मांग की गई कि किसान यूनियन पदाधिकारियों और किसानों को आधार कार्ड व आईडी कार्ड के आधार पर टोल फ्री किया जाए। मांग पूरी न होने पर 10 मई से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष तराई अमर सिंह, युवा प्रदेश अध्यक्ष तराई अनुज सिंह, प्रदेश प्रभारी तराई नितिन सिरोही आदि मौजूद रहे।