फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छह जुलाई को होगी बीएड की प्रवेश परीक्षा

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. केपी सिंह ने कहा कि बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को प्रदेश के सभी 75 जिलों में कराई जाएगी। विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए ज्यादा दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इस बार आवेदन शुल्क में 33 फीसदी तक की कटौती की गई है। इससे विद्यार्थियों पर आर्थिक भार कम पड़ेगा। विश्वविद्यालय में हुई प्रेसवार्ता में प्रो. केपी सिंह ने बताया कि पहले दिन विश्वविद्यालय को बीएड के 10 हजार से अधिक ऑनलाइन आवेदन मिले हैं।
विज्ञापन

कुलपति ने बताया कि परीक्षा की तैयारियों में कोई कमी नहीं छोड़ी गई है। उप्र लोक सेवा आयोग और एसएससी की परीक्षाओं की जानकारी जुटाने के बाद ही बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा की तिथि छह जुलाई घोषित की गई है। तैयारियों के लिए समय कम रहा लेकिन टीम ने मेहनत की और शासन की मंशा के मुताबिक ही प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम तय किया है। विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बीएड के लिए ऑनलाइन आवेदन सोमवार से शुरू हो गए हैं जो 15 मई तक चलेंगे। 16 से 20 मई तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन किए जा सकेंगे। प्रवेश परीक्षा परिणाम की संभावित तिथि पांच अगस्त है। इस मौके पर रजिस्ट्रार डॉ. राजीव कुमार, राज्य समन्वयक प्रो. पीबी सिंह, मीडिया सेल प्रभारी डॉ. अमित सिंह आदि मौजूद रहे।
बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा कार्यक्रम
बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 15 मई
विलंब शुल्क के साथ ऑनलाइन आवेदन की तिथि 16 मई से 20 मई तक
प्रवेश पत्र डाउनलोड किए जाने की प्रारंभिक तिथि 25 जून
प्रवेश परीक्षा की तिथि 6 जुलाई
प्रवेश परीक्षा परिणाम की संभावित तिथि 5 अगस्त
आवेदन शुल्क
वर्ग शुल्क विलंब शुल्क के साथ
सामान्य व ओबीसी वर्ग 1000 रुपये 1600
अनुसूचित जाति/ जनजाति 500 रुपये 800
अन्य राज्यों के समस्त वर्गों
के अभ्यर्थियों के लिए 1000 रुपये 1600
बीएड के लिए न्यूनतम योग्यता
- विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, मानविकी वर्ग में सामान्य और पिछड़ा वर्ग के लिए न्यूनतम 50 फीसदी अंकों के साथ स्नातक उपाधि।
- बीई और बीटेक (अभियांत्रिकी) में गणित, विज्ञान में विशेषज्ञता वाले छात्रों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक जरूरी।
- अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए स्नातक की डिग्री।
आवेदन में 25 बिंदुओं पर देनी होगी जानकारी
विद्यार्थियों को आवेदन में 25 बिंदुओं पर जानकारी देनी होगी। इसमें नाम, पिता का नाम, माता का नाम, ईमेल आईडी, मोबाइल नंबर, लिंग, राष्ट्रीयता, प्रदेश का मूल निवासी, श्रेणी, दिव्यांग, वैवाहिक स्थिति, पत्र व्यवहार का पूरा पता, फोटो, हस्ताक्षर, 10वीं और 12वीं परीक्षा का विवरण, स्नातक और परास्नातक परीक्षा का विवरण, भारांक के लिए मांग या दावा, प्रवेश परीक्षा के लिए शहर का विकल्प और घोषणा आदि शामिल हैं।
विज्ञापन

तीन घंटे की होगी परीक्षा, दो प्रश्नपत्र होंगे 400 अंक के
प्रवेश परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली में पहला प्रश्नपत्र सामान्य ज्ञान का होगा। इसमें 50 प्रश्न पूछे जाएंगे जो 100 अंक के होंगे। इसी के साथ हिंदी या अंग्रेजी भाषा में 50 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह भी 100 अंक के होंगे। पहली पाली की परीक्षा का समय सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक रहेगा। दूसरी पाली की परीक्षा में सामान्य अभिरुचि परीक्षण के 50 प्रश्न 100 अंक के पूछे जाएंगे। विषय योग्यता के 50 प्रश्न भी 100 अंक के होंगे। दूसरी पाली का समय दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक रहेगा।
छात्र को बार-बार नहीं देना होगा शुल्क
कंप्यूटर सेंटर से आवेदन करते समय विद्यार्थियों को कई बार दो दफा शुल्क देना पड़ता है। उसके बाद विद्यार्थियों को एक बार जमा किए गए अतिरिक्त शुल्क को लेने के लिए दौड़ लगानी पड़ती है लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने गेट-वे बनाया है। आवेदन का शुल्क यदि दो बार कट गया है तो दूसरी बार जमा हुआ शुल्क तुरंत संबंधित खाते में आ जाएगा। यह शुल्क उसी खाते में आएगा, जिससे जमा किया गया है। साथ ही विद्यार्थी के मोबाइल पर इसका संदेश भी आएगा।
कुछ छात्रों के फार्म देरी से खुले
रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर फार्म रविवार देर रात से ही उपलब्ध हो गए थे। सुबह विद्यार्थियों ने फार्म भरने शुरू किए। पहले दिन अधिक लोड होने के कारण वेबसाइट पर दबाव पड़ा। इससे फार्म धीमी गति से खुले। हालांकि फार्म भरने में विद्यार्थियों को परेशानी नहीं हुई।
विज्ञापन

ये हैं हेल्पलाइन नंबर
राज्य स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 0581-4066889
हेल्पलाइन नंबर- 9258559253, 9258538874
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें