बरेली। बीडीए ने बुधवार को सीबीगंज और रामपुर रोड पर कई दिनों से काटी जा रही अवैध कालोनियों को जेसीबी से ध्वस्त करा दिया।
बीडीए की टीम को रामपुर रोड सीबीगंज के जौहरपुर खड़ौआ गांव में 800 वर्गमीटर जमीन पर तीन भवन और छह छोटे भूखंडों की नींव का काम चलता मिला। टीम ने जेसीबी से अवैध निर्माण ध्वस्त करा दिया। बीडीए वीसी जोगिंदर सिंह ने बताया कि बिना नक्शे के कॉलोनियां बसाई जा रही थीं। कॉलोनाइजर को पहले भी नोटिस दिए गए। उन्होंने बताया कि सीबीगंज स्थित गोविंदापुर के मैदापुर में भी आठ बीघा जमीन पर प्लाटिंग का काम चल रहा था। इसी तरह बड़ा बाईपास के पास नहर किनारे 60 बीघा जमीन पर दो मंजिला भवन और सड़क का निर्माण हो रहा था। जेसीबी से इन अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया गया है। बीडीए वीसी ने कहा कि अवैध कालोनियों के खिलाफ इसी तरह आगे भी अभियान चलता रहेगा। खड़ौआ गांव में अवैध कालोनी के मामले को अमर उजाला ने 14 नवंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।