बरेली। पीलीभीत रोड पर बीसलपुर मोड़ के पास सुलभ शौचालय के पास अनाधिकृत निर्माण की शिकायत पर बीडीए अधिकारियों ने काम रुकवा दिया। बीसलपुर मोड़ के पास नगर निगम का सुलभ शौचालय है। इसके संचालन का जिम्मा एक संस्था को सौंपा गया है। संस्था ने शौचालय के आसपास एक बाउंड्री उठानी शुरू कर दी और उसमें केयर टेकर रूम बनाने की बात कही। मामले की जानकारी होने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय पार्षद ने इसे सरकारी जमीन पर कब्जा बताते हुए बीडीए, नगर निगम के अधिकारियों के अलावा कमिश्नर तक से इसकी शिकायत कर दी। कमिश्नर ने बीडीए वीसी को मामला दिखवाने के लिए कहा। इस पर वीसी ने मौके पर टीम भेज दी। बीडीए के जेई अजय गर्ग ने बताया कि शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निर्माण रुकवा दिया गया है। उधर, नगर निगम के पर्यावरण अभियंता संजीव प्रधान ने भी बताया कि संस्था को शौचालय के निर्माण का जिम्मा दिया गया है। हालांकि उसने केयरटेकर रूम बनाने का प्लान नहीं दिया था। उससे प्लान लिया जाएगा। इसके बाद निर्माण की अनुमति दी जाएगी।