नामांकन के लिए कलक्ट्रेट परिसर में हुई बैरिकेडिंग, रहेगा कड़ा पहरा
- कोविड नियमों के तहत सम्पन्न होगा नामांकन, सुरक्षा घेरा का खाका तैयार
बरेली। विधानसभा चुनाव की नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण संपन्न कराने की व्यवस्था के तहत शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में बैरिकेडिंग लगानी शुरू कर दी गई। कलक्ट्रेट के गेट से लेकर नामांकन कक्ष तक कई स्तर पर पुलिस का पहरा रहेगा। नामांकन के लिए प्रत्याशी के साथ दो प्रस्तावकों को ही आने की अनुमति दी जाएगी।
कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए इस बार विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया को संपन्न कराने में काफी सतर्कता बरती जा रही है। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला प्रशासन द्वारा 21 से 28 तक नामांकन प्रक्रिया जारी रहेगी । शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में डीएम कार्यालय से लेकर एडीएम वित्त, एडीएम सिटी, सिटी मजिस्ट्रेट आदि के कार्यालय के बाहर तक बैरिकेडिंग लगाई गई है। गेट व अन्य रास्तों से आमजन का आवागमन रोकने के लिए बैरिकेडिंग का बचा कार्य एक दिन में पूरा किया जाएगा। इससे पहले पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने कलक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर बैरिकेडिंग का प्लान तैयार किया था।
सख्ती से होगा नियमों का पालन विधानसभा
चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी के साथ सिर्फ दो प्रस्तावक ही नामाकन कक्ष में जा सकेंगे। समर्थकों को नामांकन स्थल से सौ मीटर की दूरी पर रोका जाएगा। नामांकन के लिए प्रत्याशी सिर्फ दो गाड़ियों को अपने साथ लेकर आ सकते हैं। गाड़ियों को नामांकन स्थल से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर ही रोका जाएगा। भीड़ जमा न हो इसके पूरे इंतजाम जिला प्रशासन ने किए हैं।विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कलक्ट्रेट में नामांकन कराने के लिए बैरिकेडिंग लगाई जा रही है। कोरोना संक्रमण को देखते हुए नामांकन के दौरान निर्धारित नियमों के अनुसार ही प्रत्याशी व प्रस्तावकों को आने की अनुमति दी जाएगी। ब्यूरो