बरेली। विकास भवन रोड स्थित बरेली कॉलेज गेट पर नाला चौंडीकरण के लिए चल रही खुदाई से आवागमन प्रभावित हो गया है। छात्र-छात्राओं को नाला में उतरकर कॉलेज में प्रवेश करना पड़ रहा है। कॉलेज प्रशासन ने निर्माणदायी संस्था को तेजी से कार्य पूरा कराने के लिए पत्र लिखा है।
सोमवार सुबह नौ बजे नाला निर्माण के लिए नगर निगम से अधिकृत ठेकेदार ने खुदाई शुरू की। श्यामगंज से होकर गांधी उद्यान तक नाला चौंडीकरण के लिए खुदाई होनी है। सुबह करीब 11 बजे बरेली कॉलेज गेट के ठीक सामने खुदाई शुरू हुई। करीब पांच फीट चौंडाई और आठ फीट तक खुदाई की गई। जिसकी वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। प्रवेश के लिए कॉलेज पहुंच रहे विद्यार्थियों को नाला में उतरकर कॉलेज में प्रवेश करने की विवशता रही। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक पूर्वी गेट से एक ओर से ही प्रवेश होने से जाम लगने की आशंका है। लिहाजा नगर निगम को पत्र लिखकर तेजी से कार्य पूरा कराने को कहा गया है। फिलहाल कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। कक्षाएं शुरू होने से काफी दिक्कत की आशंका है। नाला खुदाई से निकली मिट्टी पर चढ़कर रोड पार करने से हादसे की आशंका भी है। बताते हैं कि कॉलेज प्रशासन और निर्माणदायी संस्था की वार्ता में करीब 15 दिन में निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद जताई है। लिहाजा, करीब दो हफ्ते आवागमन प्रभावित रहेगा।