बरेली। थाना भोजीपुरा के कस्बा धौराटांडा में खुराफातियों ने माहौल खराब करने के लिए दो घरों में गोमांस फेंक दिया और एक धर्मस्थल पर गोवंश के अवशेष। रविवार सुबह करीब पांच बजे लोग सोकर उठे तो इसको लेकर आक्रोशित होने लगे। हिंदू संगठनों के लोग भी मौके पर पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करके कार्रवाई का आश्वासन दिया। गोमांस और अवशेष को हटवाकर वहां फोर्स तैनात किया है। इस मामले में थाना भोजीपुरा में अज्ञात खुराफातियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।