पत्नी लता के जरिये सुभाषनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराकर गणेशनगर निवासी कुुंवरसेन कार से एक किलोग्राम स्मैक लेकर लखनऊ में सप्लाई करने निकल गया। यहां पुलिस उसे ढूंढ रही थी। उधर, एसटीएफ ने हरदोई पुलिस की मदद से उसे दबोच लिया। उसके कब्जे से स्मैक भी बरामद हो गई है। स्मैक की कीमतएक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मूलरूप से पीलीभीत में थाना बीसलपुर के गांव गांगेपुरा निवासी कुंवरसेन काफी समय से परिवार के साथ गणेशनगर में रह रहा है। मंगलवार रात कुंवरसेन की पत्नी लता ने थाना सुभाषनगर जाकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। बताया, वह घर से कार लेकर निकला था और फिर लापता हो गया। गुमशुदगी दर्ज करने के बाद सुभाषनगर पुलिस उसकी खोजबीन में जुटी तो नगर निगम के सीसीटीवी कैमरे में उसकी अंतिम लोकेशन मुख्य डाकघर के पास मिली। इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस उसका नंबर सर्विलांस पर लगाकर खोजबीन में जुटी थी।
इसी बीच बुधवार सुबह हरदोई के थाना कछौना क्षेत्र में एसटीएफ और वहां की पुलिस ने उसे कार समेत गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक किलोग्राम स्मैक बरामद हुई। इसे वह लखनऊ में सप्लाई करने जा रहा था। कुंवरसेन ने बताया कि उसने यह स्मैक बरेली के ही आसिफ से खरीदी थी। सुभाषनगर इंस्पेक्टर विश्वजीत प्रताप सिंह ने बताया कि हरदोई से सारी सूचना मिल गई है।
फतेहगंज पश्चिमी की स्मैक तस्कर इमराना ने किया कोर्ट में सरेंडर
स्मैक तस्करी में वांछित फतेहगंज पश्चिमी की इमराना ने बृहस्पतिवार को एनडीपीएस कोर्ट में सरेंडर कर दिया। उसका पति शाहिद उर्फ कल्लू डॉन भी स्मैक तस्कर है और इन दिनों जेल में बंद है। उसके जेल में होने की वजह से नेटवर्क की कमान इमराना के हाथ में ही थी।
सपा सभासद कल्लू डॉन और उसकी पत्नी इमराना जिले के बड़े स्मैक तस्करों में शुमार हैं। पिछले साल नवंबर में कल्लू डॉन को मीरगंज पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेजा था। उसके कब्जे से 262 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। उसकी पत्नी इमराना स्मैक तस्करी के मामले में ही लंबे समय से फरार चल रही थी। बृहस्पतिवार को उसने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। इसे लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
नगर पंचायत चेयरमैन का चुनाव ल़ॉ चुकी है इमराना
कल्लू डॉन नगर पंचायत फतेहगंज पश्चिमी में लगातार तीसरी बार सभासद है। उसकी पत्नी इमराना सपा से ही नगर पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुकी है। वह सपा की मीरगंज नगर अध्यक्ष भी रही है। इ पिछले दिनों सपा के बड़े नेताओं के साथ उसके फोटो भी वायरल हुए। मगर स्मैक तस्करी में दोनों के नाम आने के बाद सपा ने उनसे पल्ला झाड़ लिया। बता दें कि इस तस्कर दंपती के खिलाफ पुलिस पर हमला समेत कई मामले दर्ज हैं।