मतदान के बाद स्याही का निशान दिखातीं महिला मतदाता
- फोटो : अमर उजाला
बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक निर्वाचन के लिए नौ जिलों में मतदान हो रहा है। बरेली समेत सभी जिलों में सोमवार की सुबह 8:00 बजे से मतदान शुरू हुआ। मतदान केंद्रों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया गया है। निर्वाचन अधिकारी और अन्य मजिस्ट्रेट लगातार मतदान केंद्रों का जायजा ले रहे हैं। दोपहर 12 बजे तक कुल 17.27 प्रतिशत वोट पड़े।
बरेली जिले में दोपहर 12 बजे तक सबसे अधिक 23.44 प्रतिशत मतदान हो चुका था। सबसे कम 10.42 प्रतिशत मतदान रामपुर जिले में हुआ है। बरेली में मतदान केंद्रों के बाहर सपा और भाजपा के बस्ते लगे हुए हैं। आठ अन्य प्रत्याशियों के बस्ते नजर नहीं आ रहे हैं। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराया जा रहा है। अब तक किसी तरीके का हंगामा या नोकझोंक का मामला सामने नहीं आया।
शाहजहांपुर जिले में 19 मतदान केंद्रों के 32 पोलिंग बूथों पर मतदान हो रहा है। यहां दोपहर 12 बजे तक 22.59 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं पीलीभीत जिले के 13 पोलिंग बूथों पर 16.83 प्रतिशत वोट डाले जा चुके हैं। बदायूं में दोपहर 12 बजे तक 19.87 प्रतिशत मतदान हुआ। सुरक्षा के लिहाज से मतदान केंद्रों पर कड़े इंतजाम किए गए हैं।