बरेली। बरेली जंक्शन अब नॉन सबअर्बन ग्रुप (एनएसजी)-2 श्रेणी के स्टेशनों में शामिल हो गया है। आने वाले दिनों में यहां यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2023-24 के आकलन के आधार पर अगले पांच साल के लिए स्टेशनों की श्रेणी तय की है। कमाई के मामले में प्रदेश के टॉप 15 स्टेशनों पर बरेली 13वें जबकि मुरादाबाद 15वें स्थान पर है। इस मामले में लखनऊ, वाराणसी और कानपुर को मात देते हुए गोरखपुर जंक्शन पहले पायदान पर है।
पिछले साल बरेली जंक्शन से ट्रेनों में आरक्षित और अनारक्षित टिकट पर यात्रा करने वालों की संख्या 56.27 लाख रही। रेलवे को कुल 123 करोड़ रुपये की आय हुई।
बेहतर यात्री सुविधाओं का आकलन कर सरकार स्टेशनों की ग्रेडिंग कराती है। किसी स्टेशन के एनएसजी श्रेणी में आने का मतलब उसके विकास पर अधिक धन खर्च किया जा सकता है।
जंक्शन अगले पांच साल तक एनएसजी-2 श्रेणी में रहेगा। इस दौरान यहां अगले 50 साल की जरूरतों के हिसाब से काम कराए जाएंगे। पांच साल के बाद फिर आकलन के बाद जंक्शन का ग्रेड तय किया जाएगा। यहां प्लेटफार्मों की संख्या 10 करने, स्टेशन के नए भवन का निर्माण समेत एसी मेंटीनेंस शेड, वॉशिंग लाइन, कोच डिपो का विस्तार पहले से प्रस्तावित है।
एनएसजी-2 श्रेणी में शामिल मुरादाबाद मंडल के स्टेशन : हरिद्वार जंक्शन, बरेली जंक्शन, देहरादून, मुरादाबाद।
संवाद