बरेली के बिथरी थाना क्षेत्र के गांव परसौना में युवक की मौत के बाद बवाल काटने वाले 17 नामजद समेत करीब 40 अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घायल दरोगा धर्मेंद्र सिंह की ओर से कैंट थाने में प्रधान और उसके बेटे को भी नामजद कराया गया है।
भीड़ में से कुछ लोग अतीक और अशरफ से घटना को जोड़कर नारा लगा रहे थे। सोमवार आधी रात में परसौना निवासी अरकान के साथ यह घटना हुई थी। वह कैंट थाना क्षेत्र की मारिया फ्रोजन मीट फैक्ट्री से भैंस बेचने का भुगतान लेकर घर वापस लौट रहा था तभी गांव से पहले नहर के पास उसकी बाइक का एक्सीडेंट हो गया। परिवार के लोग पहुंचे तो देखा कि बिथरी थाने की टीपी नगर चौकी की चीता बाइक वहां खड़ी है। लोगों ने चीता बाइक के पुलिसकर्मियों और दरोगा से मारपीट कर दी तो वह भाग गए। भीड़ ने पुलिस पर अरकान को दौड़ाकर गोली मारने का आरोप लगाया तो रात में एसएसपी प्रभाकर चौधरी भी पहुंच गए।