बरेली के सीबीगंज क्षेत्र में आवारा कुत्तों का उत्पात बढ़ता जा रहा है। उनके हमले भी तेज होते जा रहे हैं। एक और बच्ची को कुत्तों के झुंड ने नोचकर मार डाला। बच्ची के शरीर पर कई जख्म देखकर परिवार और ग्रामीणों में गुस्सा है। इसी इलाके में दो बच्चों की मौत पहले भी हो चुकी है।
मथुरापुर गांव के पास नहर किनारे किराये के मकान में रहने वाले अवधेश गंगवार की दो वर्षीय बेटी परी मंगलवार शाम घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने बच्ची पर हमला बोल दिया और उसे 100 मीटर घसीटते हुए ले गए। आसपास के लोगों ने जब बच्ची को खींचते हुए ले जाते देखा तो उन्होंने कुत्तों को भगाकर उसे बचाया। गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिवार वाले बरेली ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बुधवार को बच्ची का अंतिम संस्कार टियूलिया श्मशान भूमि पर कर दिया। बच्ची के शरीर पर कुत्तों के काटने से अनगिनत घाव थे। परी चार बहनों व एक भाई में सबसे छोटी थी। पिता अवधेश मजदूरी करते हैं।
इन बच्चों पर किए हमले
सीबीगंज के गांव बंडिया में छह साल के मोरपाल पुत्र नत्थूलाल, सात साल की रोहनी पुत्री दिनेश प्रजापति की कुत्तों के काटने से मौत हो चुकी है। जबकि आठ साल के जुनैद निवासी मथुरापुर और अली हसन समेत 12 से अधिक बच्चों को आवारा कुत्ते काटकर गंभीर रूप से घायल कर चुके हैं। सीबीगंज के मोहल्ला सर्वोदय नगर की 14 वर्षीय बेटी लवी घर से कोचिंग जा रही थी। तभी रास्ते में कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गई।
कुत्तों को पकड़वाने की मांग
दुकानदारों द्वारा खुले में मांस के अवशेष फेंक देने से कुत्ते कटखने हो रहे हैं। आए दिन बच्चों पर हमला कर रहे हैं। ऐसी घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नगर निगम के प्रति गुस्सा है। उन्होंने शीघ्र ही कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।