बरेली। बरेली कॉलेज में बीसीए के छात्र से रैगिंग के मामले में रिपोर्ट विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) भेज दी गई है। एंटी रैगिंग कमेटी ने छात्र और छात्रनेता के बयान दर्ज किए हैं। इसके आधार पर विस्तृत रिपोर्ट बनाई गई है।
विगत माह बीसीए के छात्र ने कॉलेज के ही एक छात्रनेता पर मारपीट करने का आरोप लगाया था। छात्र का कहना है कि छात्रनेता ने उसके साथ रैगिंग की। मामले में छात्र ने शिकायती पत्र पुलिस को दिया था। मुख्य नियंता प्रो. आलोक खरे ने दोनों को नोटिस जारी करते हुए तीन दिन में स्पष्टीकरण देने का समय दिया था।
प्रकरण विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के संज्ञान में आने पर ई-मेल के माध्यम से कॉलेज से जवाब मांगा गया था। कॉलेज की एंटी रैगिंग कमेटी की समन्वयक प्रो. रीना अग्रवाल ने बताया कि छात्र और छात्रनेता को कमेटी के सदस्यों के समक्ष बुलाया गया था। दोनों ने अपने-अपने तर्क दिए। आरोप लगाने वाले छात्र ने स्वीकार किया कि उसके साथ रैगिंग नहीं हुई थी। दोनों ने लिखित में बयान दिए हैं। इसके आधार पर यूजीसी को जवाब भेजा गया है।