बरेली। प्रधान पर लगे आरोपों की जांच रिपोर्ट की फाइल को आठ माह तक दबाए बैैठे रहे विकास भवन के बाबू को सोमवार को सीडीओ ने निलंबित कर दिया।
विकास खंड आलमपुर जाफराबाद के गांव राजूपुर के कई ग्रामीणों ने प्रधान की शिकायत की थी। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक ने एक कमेटी गठित कर आरोपों की जांच कराई। जांच कमेटी ने अक्तूबर 2023 में रिपोर्ट उपलब्ध करा दी। जांच रिपोर्ट जिला पंचायत राज अधिकारी के कार्यालय के पटल सहायक दीपक सक्सेना के पास रखी थी। आठ माह से अधिक समय तक बाबू फाइल को अपने पास ही रखे रहा। फाइल को संबंधित अधिकारी के सामने नहीं रखा। जिस कारण उस पर निर्णय नहीं हो सका। जानकारी में आने पर 29 जून को पीडी ने फाइल तलब की। बाबू से पूछा गया कि फाइल को पेश क्यों नहीं किया गया तो वह कोई जवाब नहीं दे सका। इसकी शिकायत सीडीओ से की गई। बताया गया कि पूर्व में भी बाबू की ओर से इस तरह की कोशिश की जा चुकी है। 29 जून को बाबू दीपक सक्सेना को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया। बाबू की तरफ से कोई जवाब नहीं मिलने पर सीडीओ ने सोमवार को उसे निलंबित कर दिया। संवाद