बरेली। आयुष्मान योजना की चौथी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयुष्मान पखवाड़ा मनाया जाएगा। 15 से 30 सितंबर तक चलने वाले पखवाड़े के दौरान पात्र लाभार्थियों के निशुल्क कार्ड बनाए जाएंगे। अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को भी चिह्नित कर उनके कार्ड बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह ने बताया कि बरेली में 99 हजार अंत्योदय कार्ड धारक हैं, इनमें से 45 फीसदी के कार्ड बन चुके हैं। शेष के कार्ड बनाने के लिए पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। पात्र अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र, सीएचसी पर पहुंचकर आयुष्मान मित्र से कार्ड बनवा सकते हैं। जिला कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अनुराग ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना में आवेदन करने के लिए परिवार के सभी लोगों का आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर आदि होना आवश्यक है।