बरेली। आईएसए इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में कृष्णा पब्लिक स्कूल (केपीएस) की टीम ने जगह बना ली है। आईएसए के अध्यक्ष निर्भय बेनिवाल ने बताया कि फरीदपुर स्थित केपीएस में बृहस्पतिवार को हुए सेमीफाइनल मैच में केपीएस के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय किया। अनुशासित फील्डिंग के कारण जीपीएम के बल्लेबाज खुलकर नहीं खेल सके। निर्धारित 12 ओवरों में जीपीएम की टीम दो विकेट के नुकसान पर 82 रन बना सकी। जवाबी पारी में केपीएस की टीम ने 10 ओवरों में एक विकेट के नुकसान पर 83 रन बनाकर जीत दर्ज की। आयुष सिंह ने नाबाद 53 रनों की पारी खेली। उनको मैन ऑफ द मैच से नवाजा गया। अब केपीएस का मुकाबला विद्या वर्ल्ड स्कूल की टीम से होगा।