बरेली के सुभाषनगर थाना क्षेत्र में भाजपा किसान मोर्चा के महानगर उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह चौहान के फोटो स्टूडियो में अज्ञात ऑटो चालक ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। मामले में अज्ञात आरोपी पर रिपोर्ट कराई गई है।
बदायूं रोड विश्वनाथपुरम निवासी सुरजीत सिंह शनिवार रात दुकान बंद करके पार्टी कार्यालय चले गए थे। रात 3:21 बजे उनकी दुकान के बाहर एक ऑटो आकर रुका। चालक ने शटर पर बोतल से पेट्रोल डाला और कपड़े में आग लगाकर शटर की ओर फेंक दिया। लपटें उठने लगीं तो आरोपी ऑटो लेकर फरार हो गया। रविवार तड़के चार बजे दुकान में आग की सूचना मिली तो सुरजीत दुकान पर पहुंचे। दमकल टीम के पहुंचने से पहले उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पा लिया।
चौहान ने बताया की दुकान में एक प्रिंटर, शादी की चार एल्बम, पांच पेन ड्राइव, एक हार्डडिस्क व कैमरा जल गया। उन्होंने सुभाषनगर थाने जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रहा है। ऑटो की नंबर प्लेट पर कपड़ा बंधा होने से उसकी पहचान नहीं हो पा रही है। पुलिस दुश्मनी के एंगल पर भी जांच कर रही है, हालांकि सुरजीत ने किसी से विवाद होने से इन्कार किया है।