बरेली। बारादरी इलाके में रिलायंस टॉवर के नजदीक पांच लोगों ने रंगदारी न देने पर एक ऑटो चालक को पीटकर नाले में फेंक दिया। परिजनों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला जोगी नवादा गोसाईं गौटिया काली मस्जिद निवासी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि उनका भाई अनिल ऑटो चलाता है। वह 20 अक्तूबर की रात 11:30 बजे ऑटो लेकर घर लौट रहा था। रिलायंस टॉवर के नजदीक जोगी नवादा निवासी प्रशांत, चक चुंगी निवासी दत्ता उर्फ हर्ष और तीन अज्ञात लोगों ने ऑटो रोक लिया। अनिल से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। मना करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे पीटकर नाले में फेंक दिया। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।