बरेली। किला के स्वालेनगर में बनाए भाजपा के चुनावी कार्यालय में तोड़फोड़ कर सामान फेंक दिया गया। माहौल भड़काने वाली हरकत का वीडियो सामने आने पर हकीकत पता लगी। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
स्वालेनगर निवासी रामलखन का घर भाजपा के चुनावी दफ्तर के सामने है। रात 10 बजे रामलखन नशे की हालत में घर के बाहर खड़ा था। तभी मोहल्ले का ही मुसाफिर अपना टेंपो लेकर आ गया। टेंपो में आदिल व एक अन्य लोग बैठे थे। इन लोगों ने रामलखन से हटने को कहा तो आपस में मारपीट हो गई। आरोप है कि टेंपो वाले रामलखन को पीटकर चले गए। रामलखन ने हंगामा किया तो उसके पक्ष में एक पूर्व पार्षद प्रत्याशी व अन्य लोगों ने भाजपा कार्यालय की कुर्सियां तोड़कर व सामान बाहर फेंककर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। टूटे सामान का वीडियो वायरल कर प्रचार किया कि दूसरे समुदाय के लोगों ने ऐसा किया है। किला थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी ऐसा ही वीडियो मिल गया, जिसमें ये लोग खुद सामान फेंकते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने रामलखन की तहरीर पर मुसाफिर व आदिल समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट लिख ली है। रामलखन के मेडिकल परीक्षण में भी अल्कोहल की पुष्टि हुई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि दूसरे पक्ष पर भी कार्रवाई की जा सकती है।