फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बैरिकेडिंग तोड़कर दोबारा कब्जे की कोशिश, महिला वकील पर रिपोर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। कलक्ट्रेट के बाहर नगर निगम की जगह में रखे चैंबर को हटाकर की गई बैरिकेडिंग को क्षतिग्रस्त कर दोबारा कब्जा करने की कोशिश किए जाने के बाद कोतवाली पुलिस ने महिला वकील और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उधर, बार एसोसिएशन ने भी महिला वकील की ओर से चैंबर आवंटन का कोई दस्तावेज न दिखाए जाने के बाद इस मामले से हाथ खींच लिया है।
विज्ञापन

महिला वकील प्रेरणा सिंह ने कलक्ट्रेट की चहारदीवारी से सटी जगह में टिन का चैंबर बनवाया था। जिला प्रशासन के निर्देश के बाद रविवार को नगर निगम की टीम जेसीबी लेकर इस चैंबर को हटाने पहुंची तो प्रेरणा सिंह कई और वकीलों के साथ उसके सामने अड़ गईं। पुलिस फोर्स साथ होने के बावजूद वकीलों के विरोध की वजह से नगर निगम की टीम छह घंटे तक चैंबर नहीं हटा पाई। शाम चार बजे सिटी मजिस्ट्रेट के पहुंचने के बाद जेसीबी चलाकर चैंबर को हटाया जा सका। इसके बाद नगर निगम कर्मचारियों ने अपनी जगह पर बैरिकेडिंग कर दी थी ताकि दोबारा कब्जा न हो।
रात में किसी समय या तड़के बैरिकेडिंग को क्षतिग्रस्त कर दोबारा चैंबर रखने की कोशिश की गई। इसके बाद अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने महिला वकील प्रेरणा सिंह और उनके आठ अज्ञात साथियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि कलक्ट्रेट के बाहर अतिक्रमण कर नगर निगम की जमीन पर चैंबर रखा गया, जिसकी सूचना नहीं दी गई और न अलाटमेंट कराया गया। निगम की टीम इसे हटाने पहुंची तो वकील प्रेरणा सिंह समेत सात-आठ अज्ञात लोगों ने उसे कार्रवाई करने से रोक दिया। टीम के साथ बदसलूकी भी की गई। नगर निगम की टीम के लौटने के बाद दोबारा कब्जा करने की कोशिश करने के लिए बैरिकेडिंग क्षतिग्रस्त कर दी गई।
विज्ञापन

अब वकील नया चैंबर लगाएंगे तो बार को बताएंगे
जिला बार एसोसिएशन की सोमवार को हुई बैठक में इस प्रकरण पर काफी देर मंथन हुआ। इसमें बताया गया कि कलक्ट्रेट के बाहर लगाए गए चैंबर के संबंध में वकील प्रेरणा सिंह की ओर से एसोसिएशन के समक्ष कोई अभिलेख नहीं पेश किए गए। निर्णय लिया गया कि भविष्य में कोई भी वकील नया चैंबर लगाने की जानकारी पहले बार को देंगे ताकि बार अपनी तरफ से उसका सत्यापन उसकी पड़ताल कर सके और जरूरत पड़ने पर सपोर्ट कर सके। बैठक के बाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एडीएम सिटी डॉ. आरडी पांडेय से मिले और रविवार को नगर निगम के अधिकारियों से बातचीत के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट के अचानक आकर कार्रवाई शुरू करा देने पर आपत्ति जताई। इस पर एडीएम सिटी ने कहा कि भविष्य में इसका ध्यान रखा जाएगा।
अपर नगर आयुक्त की तहरीर पर महिला वकील और आठ अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। इसमें सरकारी काम में बाधा डालने और बैरिकेडिंग को क्षतिग्रस्त करने समेत कई आरोप हैं। - हिमांशु निगम, इंस्पेक्टर कोतवाली
बार एसोसिएशन ने निर्णय लिया है कि भविष्य में जो वकील चैंबर लगाएंगे, वे पहले एसोसिएशन को जानकारी देंगे। एसोसिएशन उसी के साथ खड़ी होगी, जिसका वैध आधार होगा। गलत काम को एसोसिएशन सपोर्ट नहीं करेगी। - वीरेंद्र प्रसाद ध्यानी, सचिव जिला बार एसोसिएशन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें